रामगढ़: जिले के भुरकुंडा बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. हथियार से लैस पांच बदमाशों ने विजय ज्वेलर्स में घुसकर पिस्टल के बल पर करीब 25 लाख रुपये के सोने- चांदी के जेवरात लूट लिए.

बताया जा रहा है कि बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे. दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार दिखाकर दुकानदार को डराया और कुछ ही मिनटों में जेवरात समेटकर फरार हो गए. घटना के बाद बाजार में अफरा- तफरी मच गई और दुकानदारों में दहशत का माहौल है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है.
दिनदहाड़े हुई इस डकैती ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सवाल यह उठ रहा है कि अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए. खुलेआम बाजार में पिस्टल लहराकर वारदात को अंजाम देना कहीं न कहीं पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है.

