रामगढ़: झारखंड के महान जननायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शनिवार को नेमरा स्थित पैतृक आवास पर लाखों लोग जुटे. इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, योग गुरु बाबा रामदेव, बिहार और झारखंड के सांसद, विधायक और मंत्री सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.


तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी नेमरा पहुंचे और श्रद्धा सुमन अर्पित किया.

योग गुरु बाबा रामदेव ने भी दिशोम गुरु को नमन किया. नेमरा से लौटने के बाद बाबा रामदेव कुछ देर के लिए रांची एयरपोर्ट के आगमन गेट तक पहुंचे और फिर वापस लौट गए.

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. वहीं केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. संस्कार भोज में शामिल होकर सभी अतिथियों ने दिशोम गुरु के योगदान को याद किया और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी.

