रामगढ़/ Anuj Kumar जिले के भुरकुंडा में कांवर यात्रा के दौरान भक्ति और सेवा का अनोखा संगम देखने को मिला. रजरप्पा शक्तिपीठ से महूदी पहाड़ स्थित श्री श्री बुढ़वा महादेव के लिए जलाभिषेक यात्रा पर निकले करीब 6000 कांवरियों के स्वागत हेतु विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया.

इस शिविर का शुभारंभ बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने किया. कार्यक्रम का आयोजन आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष दिलीप दांगी और राजनंदनी के मालिक राज कुशवाहा की ओर से किया गया.

शिविर में कांवरियों के लिए शरबत और फल वितरण की व्यवस्था की गई. साथ ही रात्रि भोजन, विश्राम स्थल और भक्ति जागरण का आयोजन भी किया गया. इन व्यवस्थाओं से कांवरियों को न केवल आध्यात्मिक शांति मिली, बल्कि शारीरिक रूप से भी राहत महसूस हुई. यह आयोजन केवल सेवा का माध्यम नहीं था, बल्कि सामूहिक भक्ति और जन सहयोग की भावना का प्रतीक बन गया.


