रामगढ़: जिले के सीसीएल सौंदा स्थित ठेकेदार पप्पू जैन के क्रेशर पर शुक्रवार देर रात अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी. अपराधियों ने रंगदारी के लिए दबाव बनाने की नीयत से करीब चार राउंड गोली चलाई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात लगभग साढ़े 10 बजे क्रेशर के समीप गोलियों की आवाज गूंजी. वहीं घटनास्थल से एक पर्चा बरामद हुआ है, जिसमें राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आ रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ओपी क्षेत्र की नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया. गोलीकांड के बाद सीसीएल सौंदा स्थित सौंदा बी साइडिंग को बंद कर दिया गया. इससे ट्रांसपोर्टिंग कार्य प्रभावित हुआ. बताया जाता है कि इससे पहले भी राहुल दुबे गैंग ने सयाल क्षेत्र की आउटसोर्सिंग कंपनी के गेट पर फायरिंग कर सनसनी फैलाई थी. लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से ठेका कंपनियां दहशत में हैं. वहीं पुलिस की नींद उड़ी हुई है.

