राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना क्षेत्र के हाता- चाईबासा मुख्य मार्ग पर बगराईसाई के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. बताया जाता है कि सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया और फरार हो गया.

घटना रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है. हादसे के बाद घायल व्यक्ति पूरी रात सड़क पर तड़पता रहा. किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई. सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे घायल को पड़ा देखा, तो तुरंत राजनगर थाना को सूचना दी. सूचना पाते ही थाना प्रभारी चंचल कुमार दल- बल के साथ मौके पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान राजनगर के गामदेसाई निवासी बड़ा राम मुर्मू उर्फ तुनू (40 वर्ष) के रूप में की गई है. हादसे में उनका एक पैर बुरी तरह कुचल गया था. आशंका है कि ठंड और अत्यधिक दर्द के कारण उन्होंने सड़क पर ही दम तोड़ दिया. जानकारी के अनुसार, बड़ा राम मुर्मू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सोहराय पर्व मनाने डांडू गांव स्थित ससुराल गए थे. वहीं से वह रात में अकेले पैदल घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ.
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. पत्नी पानो मुर्मू मायके से दौड़कर घटनास्थल पहुंची और पति का शव देखकर फूट- फूटकर रोने लगी. बच्चों का भी रो- रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं. परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
