राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना क्षेत्र अंतर्गत चलियामा स्थित रूंगटा कॉलोनी में सोमवार देर रात 27 वर्षीय नवविवाहिता गीतारानी जेना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला का शव घर के अंदर पंखे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई.

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतका ओड़िशा के क्योंझर जिला अंतर्गत आनंदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. गीतारानी का प्रेम विवाह हिमांशु शेखर जेना से हुआ था और दंपती की दो मासूम बेटियां हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 4 वर्ष और 1 वर्ष बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमांशु शेखर जेना चलियामा स्थित रूंगटा स्टील प्लांट में कार्यरत हैं. कंपनी की ओर से उन्हें रूंगटा कॉलोनी में आवासीय क्वार्टर उपलब्ध कराया गया था, जहां वे पत्नी और बच्चों के साथ रह रहे थे. सोमवार रात करीब 9 बजे घटना की सूचना राजनगर थाना को मिली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया. गीतारानी के चचेरे भाई ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए राजनगर थाना में मामला दर्ज कराया. परिजनों का आरोप है कि गीतारानी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया. राजनगर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसंगत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

