राजनगर: प्रखंड के गोबिंदपुर पंचायत अंतर्गत खोकरो गांव का गोड़ाटांड़ टोला पिछले पाँच महीनों से अंधेरे में डूबा हुआ है. यहां का 16 केवी ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब पड़ा है. लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया. इस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने शुक्रवार की दोपहर ट्रांसफार्मर स्थल पर एकत्र होकर मीडिया के माध्यम से बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आक्रोश जताया. ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो बिजली विभाग ने ध्यान दिया, न ही पंचायत स्तर से कोई ठोस कदम उठाया गया.
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई ठप पड़ी है. घरों में मोबाइल फोन तक बंद पड़े हैं. अंधेरे में सांप-बिच्छू का डर बना रहता है. वहीं त्योहार और पूजा-पाठ भी बिना रोशनी के फीके पड़ गए हैं. एक ग्रामीण ने कहा, “पाँच महीने हो गए, सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, बिजली नहीं. ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पंचायत के मुखिया और ग्राम प्रधान दोनों से शिकायत की, पर कोई नतीजा नहीं निकला. इससे लोगों में जनप्रतिनिधियों के प्रति गहरा आक्रोश है.

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से इस टोला में 25 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है ताकि सभी घरों में सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति हो सके. मौके पर जागरण क्लब के अध्यक्ष सह समाजसेवी अजय कुमार गोप ने भी विभाग से जल्द बिजली बहाली की गुहार लगाई है.उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
