सरायकेला/ Pramod Singh जिले के राजनगर थाना पुलिस की सक्रियता से बीती रात थाना क्षेत्र के ईचा गांव से अपराध की योजना बनाते तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जिसे पूछताछ के बाद रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत को मिले गुप्त सूचना पर एसडीपीओ समीर कुमार संवैया के नेतृत्व में गठित टीम को यह कामयाबी हाथ लगी है.

पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों में विरेंद्र सिंह कुंतीया, पिंटू कुमार रक्षित और आकाश हेम्ब्रम शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से एक अवैध देसी पिस्टल, 9 एमएम की एक जिंदा गोली, चार मोबाइल, एक एयरपोड, एक चिलम और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद किया है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि ये लोग हथियार के साथ एक घर में घुसने की कोशिश कर रहे हैं. इनकी मंशा लूटपाट की बड़ी घटना को अंजाम देने की है. उसके बाद एक एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को ईचा ग्राम से धर दबोचा. पूछताछ में पता चला कि ये सभी अपराधी पहले भी कई लूट और रंगदारी के मामलों में आरोपित रहे हैं. बताया कि तीनों के खिलाफ अलग- अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं. सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और आगे की जांच जारी है. टीम में एसडीपीओ समीर कुमार सवैया, थाना प्रभारी चंचल कुमार के अलावा राजनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे.

