सरायकेला/ Rasbihari Mandal राजनगर प्रखंड के चलियामा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन और रूंगटा कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया.

अभियान के दौरान आम नागरिकों, वाहन चालकों और युवाओं को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने की विस्तृत जानकारी दी गई. लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए और सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ दिलाई गई.

अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने कहा कि छोटी- छोटी सावधानियों से सड़क हादसों में होने वाले जान- माल के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है. जिला प्रशासन ने बताया कि सड़क सुरक्षा सिर्फ प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज के सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे.
अभियान में रूंगटा माइंस के प्रबंधक और कर्मचारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा सहित कई पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे.

