राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना के समीप मंगलवार शाम करीब 6 बजे बड़ा हादसा हो गया. सड़क पार कर रहे बीजाडीह पंचायत के जामडीह गांव निवासी एक युवक को डीजल टैंकर ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क पार कर रहा था, तभी टाटा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा डीजल टैंकर उसे अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद अफरा- तफरी मच गई.

बताया जाता है कि हादसे के बाद चालक मौके से टैंकर लेकर फरार होने लगा. इसी बीच सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार सक्रिय हुए और पीछा करते हुए तेलाई के समीप डीजल टैंकर को पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनगर क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार से अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस इलाके में यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जाएं.

