राजनगर (Pitambar Soy) हाता- चाईबासा मुख्य मार्ग पर राजनगर थाना के समीप मंगलवार की सुबह खड़ी बस के पीछे एक ऑटो ने से टक्कर मार दी. जिससे ऑटो चालक समेत कुल पांच लोग घायल हो गए. इसमें ऑटो पर सवार यात्री युसुब खान को गम्भीर चोट लगी है और उसका एक पैर टूट गया है. वह जमशेदपुर परसुडीह थाना क्षेत्र के मगदमपुर निवासी हैं.

इसके अलावे परसुडीह के ही के. ससपेलेया, जोजिना जॉन एवं चालक मोहम्मद बबलू को चोट लगी है. वहीं विनय जॉन को हल्की चोट आई है. हादसे के बाद घटनास्थल के बिल्कुल पास ही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर में घायलों को ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया तथा गंभीर रूप से घायलों को एमजीएम रेफर किया गया.
जानकारी के अनुसार ऑटो पर सवार लोग जमशेदपुर से चाईबासा के खूंटपानी जा रहे थे. इसी दरम्यान चाईबासा जाने वाली एक यात्री बस थाना व सीएचसी गेट के सामने यात्रियों को उतारने के लिए खड़ी थी. इसी दौरान अनियंत्रित ऑटो चालक ने बस के पीछे हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी. पुलिस ने बस और ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया. वहीं चालक का कहना है कि सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर बस से टकराई. 
अज्ञात बाइक के धक्के से साईकिल सवार बुजुर्ग घायल
इधर राजनगर थाना क्षेत्र के बड़ा गिधि गांव के रहने वाले 60 वर्षीय बुददेश्वर महतो को किसी अज्ञात बाइक सवार ने धक्का मार कर घायल कर दिया. बुजुर्ग बुददेश्वर महतो घर से अपनी साइकिल से चाईबासा साप्ताहिक हाट के लिए निकले थे. इसी दौरान जोनबानी पंचायत क्षेत्र के धनुडीह गांव में किसी मोटरसाइकिल ने धक्का मार दिया. जिसके बाद घायल बुजुर्ग को 108 एम्बुलेंस से इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.

