राजनगर/ Rasbihari Mandal क्षेत्र में इन दिनों सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल रही है. जिससे लोगों में डर और भ्रम का माहौल बन गया है. फेसबुक. इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर बिना सत्यापन के ऐसी खबरें साझा की जा रही हैं. जिसका खामियाजा कई निर्दोष लोगों को भुगतना पड़ रहा है.

राजनगर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले ऐसा ही एक मामला सामने आया. जब बच्चा चोरी की अफवाह के आधार पर कुछ लोगों ने एक निर्दोष महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी. मामला थाना पहुंचने पर पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि राजनगर क्षेत्र में बच्चा चोरी की कोई घटना दर्ज नहीं हुई है और न ही किसी बच्चे के चोरी होने की शिकायत मिली है.
वहीं शनिवार को एक विक्षिप्त व्यक्ति भी इसी अफवाह का शिकार हो गया. हालांकि समय रहते राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे भीड़ से सुरक्षित बचा लिया. जिससे एक बड़ी घटना टल गई.
इस मामले को लेकर राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों को बिना जांचे-परखे साझा न करें.
थाना प्रभारी ने साफ कहा कि अगर किसी अफवाह के कारण किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ मारपीट या कोई अप्रिय घटना होती है तो मारपीट करने वालों के साथ-साथ अफवाह फैलाने और लोगों को उकसाने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें. ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.

