राजनगर/ Rasbihari Mandal पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए राजनगर प्रखंड के लोधा पहाड़ क्षेत्र में सोमवार को एक आमसभा आयोजित की गई. यह सभा सुबह 7 बजे लोधा बाबा पूजा स्थल के पास हुई, जिसकी अध्यक्षता सोसो गाँव के ग्रामीण मुंडा सुरेश सुरीन ने की.

सभा में ईचा, रेगरबेड़ा, बनकसाई और बालीडीह गाँव के दर्जनों युवा एवं ग्रामीणों ने भाग लिया. सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि लोधा पहाड़ में किसी भी परिस्थिति में पेड़ों की कटाई नहीं होने दी जाएगी. ग्रामीणों ने कहा कि पहाड़ की हरियाली ही उनकी असली पहचान है और इसे बचाना अब उनका सामूहिक दायित्व बन गया है.
ग्रामीण युवाओं ने क्षेत्रीय समन्वय और त्वरित सूचना साझा करने के उद्देश्य से तुरंत एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया. यह समूह किसी भी प्रकार की अवैध पेड़ कटाई की सूचना मिलते ही कार्रवाई सुनिश्चित करेगा.
सभा में “वन रक्षा समिति” के गठन का भी निर्णय लिया गया. समिति के सदस्यों ने कहा कि वे जल्द ही राजनगर प्रखंड के फॉरेस्टर से मिलकर लोधा पहाड़ क्षेत्र में नए पेड़ लगाने की पहल करेंगे. ग्रामीणों का कहना है कि यह कदम न केवल पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी सुरक्षित करेगा.
सभा के अंत में युवाओं ने शपथ ली कि वे लोधा पहाड़ की हरियाली को बचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगे और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने के हर प्रयास में सहयोग करेंगे.

