राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय उच्च विद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यालय परिसर में क्विज प्रतियोगिता और ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

क्विज प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा सीमा महतो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं खुशी कुम्हार द्वितीय और मोनालिसा साईं ने तृतीय स्थान हासिल किया. ड्राइंग प्रतियोगिता में राखी सरदार ने प्रथम, खुशी महतो ने द्वितीय और तृतीय स्थान भी खुशी महतो ने ही प्राप्त किया. छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़ा. इस अवसर पर बाल विकास परियोजना की ओर से छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, किशोरावस्था में स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई, सैनिटरी पैड (नेपकिन) के उपयोग, POCSO अधिनियम सहित सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई.
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना रहा. विद्यालय परिवार और संबंधित कर्मियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

