राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत डुमरडीहा पंचायत के छेलकानी घाट में अवैध बालू उठाव खुलेआम जारी है. गौरतलब है कि देशभर में एनजीटी ने 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदियों से बालू उठाव पर रोक लगाई है. इसके बावजूद बालू माफिया सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक सैकड़ों ट्रैक्टरों के जरिए बालू निकाल रहे हैं.

सूत्रों के अनुसार छेलकानी गांव के मोटू पूर्ति नामक युवक और अन्य लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर घाट की रकम 7 लाख रुपये में तय की है. इसके बाद प्रति ट्रैक्टर 600 रुपये रॉयल्टी वसूली जा रही है, जिससे प्रतिदिन 60 से 70 हजार रुपये की अवैध वसूली हो रही है. बताया जा रहा है कि माफिया प्रशासनिक गाड़ियों की निगरानी के लिए अपने लोग तैनात रखते हैं. जैसे ही खनन विभाग की गाड़ी घाट की ओर बढ़ती है, माफियाओं को पहले ही खबर मिल जाती है और वे बच निकलते हैं. इससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है, लेकिन प्रशासन और खनन विभाग अब तक मौन हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को पूरी योजना बनाकर छापामारी करनी चाहिए ताकि माफियाओं को भनक न लगे. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करता है या अनदेखा करता है.

