राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के रुतडीह गांव में शुक्रवार की रात करीब 10 बजे घर में आग लगने से 45 वर्षीय महिला सुबोला सरदार की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार रात में घर में मिट्टी तेल की डिबरी जल रही थी और परिवार के सदस्य सो रहे थे. इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटों में झुलसने से सुबोला सरदार गंभीर रूप से घायल हो गईं.

परिजनों ने तत्काल उन्हें राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया. हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है.

