राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड के कृषि तकनीकी सूचना केंद्र (आत्मा) में बुधवार से धान अधिप्राप्ति पंजीकरण शुरू होते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. गुरुवार को दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में किसान पंजीकरण कराने पहुंचे, जिससे पूरा परिसर दिनभर किसानों से भरा रहा.

कृषि तकनीकी प्रबंधक जीत वाहन मुर्मू ने बताया कि जिला स्तर से मिले निर्देशानुसार राजनगर प्रखंड में कुल 1500 किसानों का पंजीकरण किया जाना है. इसके लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई है. उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 150 किसानों का सफलतापूर्वक पंजीकरण कर लिया गया है.
प्रबंधक मांझी ने बताया कि जिन किसानों का पंजीकरण पूरा हो गया है, वे सीधे अपने धान को अधिप्राप्ति केंद्र में जमा कर सकते हैं. धान जमा करने के दो दिनों के भीतर ही भुगतान की राशि किसानों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी. इस बार सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2400 प्रति क्विंटल तय किया है.
अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों पर निर्भर न रहें. बिचौलियों के माध्यम से धान बेचने पर किसानों को उचित लाभ नहीं मिलता है, इसलिए सभी किसान अपना धान सरकारी अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही जमा करें ताकि उन्हें सही कीमत और समय पर भुगतान मिल सके.

