राजनगर/ Rasbihari Mandal लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन ने अपने विधानसभा क्षेत्र के राजनगर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा किया.

इस दौरान वे उन ग्रामीणों से भी मिले जिनके मकान भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं. चंपाई सोरेन ने प्रत्येक प्रभावित परिवार का हालचाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद पहुंचाई जाएगी. उन्होंने कहा कि जिनके भी मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके मकानों को समय रहते मरम्मत करवा दिया जाएगा ताकि उन्हें रहने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
पूर्व मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत सामग्री पहुंचाई जाए और मकानों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. मौके पर स्थानीय ग्रामीणों ने उनके इस पहल की सराहना की और कहा कि चंपाई सोरेन हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर गंभीर रहते हैं. चंपाई सोरेन ने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे सावधानी बरतें और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें. उन्होंने प्रशासन से भी सतर्क रहने को कहा ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.

