राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना अंतर्गत लकड़ा कोचा मोड़ के समीप रविवार तड़के करीब 3:30 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों के शव को कब्जे में ले लिया और आगे की जांच में जुट गई है.

मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीनों युवक टाटा से चाईबासा की ओर जा रहे थे इसी दौरान लकड़ा कोचा मोड़ के समीप खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी जिससे तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पहुंची राजनगर थाना पुलिस ने तीनों युवकों के शव को कब्जे में ले लिया और जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. तीनों युवक जमशेदपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

एक युवक के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसका नाम लखन कुमार बताया जा रहा है. आधार कार्ड में जो पता दर्ज है उसके अनुसार युवक बारीडीह बागुनहातु आदर्श नगर का रहने वाला प्रतीत हो रहा है. दो अन्य युवकों में राजू सांडिल और संजय लोहार शामिल हैं. बताया जा रहा है कि तीनों आपस में दोस्त हैं और बीती रात चाईबासा बहन के घर जाने की बात कहकर निकले थे. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने पुलिस- प्रशासन से मृतक के आश्रितो को मुआवजा देने की मांग की है. बताया कि ट्रैफिक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

