राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिला अंतर्गत राजनगर प्रखंड के बाना पंचायत स्थित भीमखांदा के भोलेनाथ बाबा बानेश्वर मंदिर में सावन माह के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. देशभर में भगवान शिव के मंदिरों में इस पावन अवसर पर भक्तों ने जल, दूध और बेलपत्र चढ़ाकर पूजा- अर्चना की. विशेष आरती में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया.

बोंगबंगा नदी के किनारे स्थित बाबा बानेश्वर धाम में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. मान्यता है कि त्रेता युग में अज्ञातवास के दौरान पांडवों का आगमन भीमखांदा में हुआ था. यहां भीम द्वारा बनाया गया चूल्हा और पैर के निशान आज भी विद्यमान हैं. इस अवसर पर भक्त राजीव प्रधान और उत्तम प्रधान की ओर से श्रद्धालुओं को चना, गुड़, खीर और खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया. सावन के अंतिम सोमवार को प्रसाद वितरण की परंपरा भक्तों के बीच प्रेम और भक्ति की भावना को प्रकट करती है.

