राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना क्षेत्र के एनएच-22 मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम करीब 6 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर रवि लेयांगी की मौत हो गई थी. बताया जाता है कि रवि की बाइक की टक्कर सामने से आ रही बोलेरो कैंपर से हो गई. हादसे में रवि की मौके पर ही मौत हो गई थी.

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब 4 घंटे तक मुख्य सड़क को जाम रखा. गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मृतक के पिता डिबरु लेयांगी, पत्नी आशा लेयांगी, 14 वर्षीय बेटी पूनम लेयांगी, 9 वर्षीय बेटा सन्नी लेयांगी और बड़ी संख्या में लोधा गांव के लोग राजनगर थाना पहुंचे. परिजनों ने अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज करवाया.
परिजन सुबह से शव के पोस्टमार्टम के लिए परेशान दिखे. मृतक की पत्नी आशा लेयांगी कई घंटों तक अपने पति के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजवाने के लिए इधर-उधर भटकती रहीं. आखिरकार दोपहर करीब 2 बजे गाड़ी की व्यवस्था की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. परिजनों ने बताया कि रवि मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. वह कभी पत्थर तोड़ता तो कभी किसी सिविल कार्य में मजदूरी करता था. रवि कुचाई थाना क्षेत्र के कुचाई गांव का रहने वाला था लेकिन कई सालों से राजनगर थाना क्षेत्र के लोधा गांव में रह रहा था. वहीं उसकी शादी भी हुई थी. परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद प्रशासन ने केवल आश्वासन देकर जाम खुलवाया लेकिन अब तक ना तो कोई पदाधिकारी मदद के लिए पहुंचे और ना ही पोस्टमार्टम या अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहयोग दिया. परिजन सवाल कर रहे हैं कि ऐसे में बेसहारा परिवार क्या करे.

