सरायकेला: झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो के पिता और जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो के श्वसुर स्वर्गीय राजकिशोर महतो के श्राद्ध कर्म के अंतिम दिन उनके पैतृक गांव चांडिल अनुमंडल के नीमडीह थाना अंतर्गत सिरूम में सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन कर क्षेत्र के बुजुर्गों और विधवा महिलाओं को भोजन कराया गया तथा नए वस्त्र का वितरण किया गया.

मालूम हो कि स्वर्गीय राजकिशोर महतो का निधन 26 फरवरी 2026 को हो गया था. उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी. वे समाज के एक प्रतिष्ठित, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे. झारखंड आंदोलन को गति देने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा था.
श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, मित्र और शुभचिंतक पहुंचे. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की.
कार्यक्रम के अंतिम दिन झारखंड आंदोलनकारी परिवार की ओर से सामाजिक परंपरा का निर्वहन करते हुए क्षेत्र के बुजुर्गों और विधवा महिलाओं को भोजन कराया गया. साथ ही उन्हें नए वस्त्र भी भेंट किए गए. इस अवसर पर लोगों ने स्वर्गीय राजकिशोर महतो के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी.

