चाईबासा/ Jayant Pramanik दक्षिण पूर्व रेलवे के सीकेपी रेल मंडल के मनोहरपुर- हावड़ा मेन लाइन पर मनोहरपुर और घाघरा रेलवे हॉल्ट के बीच सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में रेलवे के की-मैन की मौत हो गई. ड्यूटी के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से रेलकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान मंगला केरकेट्टा (58) के रूप में हुई है, जो मनोहरपुर प्रखंड के तिरला गांव का रहने वाला था.

जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह वह थर्ड लाइन पर पोल संख्या 369/5 (ए) के पास ड्यूटी कर रहा था. इसी दौरान मनोहरपुर की ओर से आ रही एक ट्रेन ने पीछे से उसे धक्का मार दिया. ट्रेन की चपेट में आने से मंगला केरकेट्टा की दर्दनाक मौत हो गई और उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई.
इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं तिरला गांव में भी शोक का माहौल है. रेलवे विभाग की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

