चाईबासा: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को चाईबासा पहुंचे. जहां व्यवहार न्यायालय स्थित एमपी- एमएलए कोर्ट में अपनी पेशी दी है. मालूम हो कि साल 2018 में भाजपा नेता प्रताप कटियार ने राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था जिसमें आरोप लगाया था कि कांग्रेस के एक अधिवेशन में राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी.

हालांकि तब गृह मंत्री अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुआ करते थे. कांग्रेस नेता ने अधिवेशन में कहा था कि भारतीय जनता पार्टी में हत्यारा भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है. इसी को लेकर प्रताप कटियार ने मामला दर्ज कराया था. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पेशी के दौरान पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता बंधु तिर्की, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु आदि मौजूद रहे. फिलहाल सुनवाई जारी है.

