आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की बदहाल आधारभूत संरचनाओं को लेकर शनिवार को राजद के प्रदेश महासचिव सह पूर्वी सिंहभूम प्रभारी पुरेन्द्र नारायण राज्य के उद्योग श्रम नियोजन प्रशिक्षण कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव से मुलाकत कर एक ज्ञापन सौंपा.

पुरेंद्र नारायण सिंह ने मंत्री से मिलकर कहा कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 से फेज-7 तक की सभी पीसीसी सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं. भारी वाहनों के आवागमन में कठिनाई हो रही है. इसका सीधा असर औद्योगिक उत्पादन और माल ढुलाई पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सभी नालियां जर्जर हैं. स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट बंद पड़ी हैं. रात के समय अंधेरे के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं. महिला कामगारों को रात में आने- जाने में परेशानी हो रही है. पूरे औद्योगिक क्षेत्र में कहीं भी सार्वजनिक शौचालय, यूरिनल या पेयजल की व्यवस्था नहीं है. गरीब कामगारों, ड्राइवरों और विजिटर्स के लिए कहीं भी कैंटीन नहीं है. सभी फेज में फूड पार्क और आवश्यक दुकानों जैसे दवा दुकान, पंचर दुकान, स्टेशनरी, चाय दुकान, दोपहिया वाहन मरम्मत, गैरेज आदि की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि इतने बड़े औद्योगिक क्षेत्र में व्हीकल, ट्रक और कंटेनर पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है. छोटे-मोटे उपचार के लिए भी कोई क्लीनिक नहीं है. कोल्हान में उद्योगों के विकास के लिए जमीन अधिग्रहण कर इच्छुक उद्यमियों को आसानी से जमीन दी जानी चाहिए. इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन पर भी रोक लगेगी.
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने आश्वासन दिया कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली, साफ- सफाई, स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट जैसी सभी आधारभूत सुविधाओं के सुधार का काम जल्द शुरू किया जाएगा.

