जमशेदपुर/ Afroz Mallik रविवार को बारीनगर बस्ती के लोगों और हिल व्यू स्कूल टेल्को के बच्चों ने मिलकर इंसानियत की मिसाल पेश की. पंजाब में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सभी ने मिलकर कुल 51,000 रुपये की सहयोग राशि एकत्रित की. यह राशि सेंट्रल रिलीफ एंड वेलफेयर ट्रस्ट जमशेदपुर चैरिटेबल ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों लायकुर रहमान चौधरी, मोहम्मद यूसुफ और मोहम्मद हफीज को सौंपी गई.

मौके पर ट्रस्ट की ओर से बारीनगर के लोगों और हिल व्यू स्कूल के बच्चों के इस कदम की सराहना की गई. कमेटी ने कहा कि इतनी छोटी सी बस्ती से इतनी बड़ी राशि का एकत्रित होना अपने आप में काबिले- तारीफ है. साथ ही प्रशासन और आम जनता का आभार जताया गया जिन्होंने इस मुहिम को सफल बनाने में सहयोग दिया.
ट्रस्ट के अध्यक्ष ने बताया कि इस सहयोग राशि को शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए गए रिलीफ फंड कैंपेन से जुटाए गए अन्य फंड के साथ जोड़ा जाएगा. इसके बाद ट्रस्ट की टीम 24 सितंबर को पंजाब रवाना होगी, जहां जाकर बाढ़ प्रभावित लोगों तक सीधी राहत पहुंचाई जाएगी.
बारीनगर में इस मुहिम को सफल बनाने में अमीर अली अंसारी, शाह आलम खान, शाहिद परवेज, जहीर सिद्दीकी, शाह जहां दारा, अल्तमश जॉनी भाई समेत कई अन्य लोगों का अहम योगदान रहा. यह सहयोग अभियान न केवल राहत कार्यों के लिए आर्थिक मदद है बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और मानवता की मिसाल भी है.

