जमशेदपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर भ्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. राष्ट्रपति के विजिटिंग रूट का पूरा फिजिकल वेरिफिकेशन किया जा रहा है और रूट के आसपास सभी हाई-राइज इमारतों की जांच की जा रही है.

एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि एंटी- सबोटाज चेक, एक्सेस कंट्रोल और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे. सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्पेशल ब्रांच, पुलिस मुख्यालय सहित विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है और अतिरिक्त पुलिस बल की मांग भी पुलिस मुख्यालय से की जाएगी.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के साथ फील्ड विजिट, स्पॉट निरीक्षण और बैठकों का दौर पूरा कर लिया गया है. एयरपोर्ट सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है. सरायकेला में प्रस्तावित कार्यक्रम का रूट भी जमशेदपुर से होकर जाएगा और उसका भी भौतिक सत्यापन कर लिया गया है.
एसएसपी ने आम जनता को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने की बात कही. उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा, केवल सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया जाएगा. खतरे का आकलन लगातार किया जा रहा है ताकि राष्ट्रपति का भ्रमण सुरक्षित और सुचारू रहे.

