सरायकेला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर विधि- व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने संयुक्त रूप से एनआईटी परिसर, प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, आगमन- प्रस्थान मार्ग (रूट लाइन) सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, पार्किंग, सेफ रूम, नियंत्रण कक्ष सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. तैयारियों के क्रम में जियाडा सभागार में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रपति महोदया के आगमन से पूर्व सभी तैयारियां हर हाल में 27 दिसंबर तक पूर्ण कर ली जाएं.
बैठक में रूट लाइन से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आगमन- प्रस्थान मार्ग पर स्थित सभी विद्युत खंभों, झूलते तारों एवं अन्य विद्युत संरचनाओं को शीघ्र दुरुस्त किया जाए. साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से सभी संबंधित विभागों द्वारा स्थलीय जांच के उपरांत निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक प्रमाण-पत्र 27 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं.

यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही थाना प्रभारियों एवं नगर निगम के पदाधिकारियों को रूट लाइन में पड़ी निर्माण सामग्री, मलबा अथवा क्षतिग्रस्त वाहनों को तत्काल हटाने का आदेश दिया गया, ताकि आगमन मार्ग में किसी प्रकार की बाधा न हो.
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सख्त शब्दों में कहा कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल अथवा किसी भी स्तर की तैयारी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित करें.
समीक्षा बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला- चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला- चांडिल, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.

