दुमका: पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां जामा और शिकारीपाड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर स्मार्ट क्लास से कंप्यूटर चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है.


पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर करीब 20 मॉनिटर, एक दर्जन सीपीयू, माउस, तीन सोलर प्लेट, एक एलसीडी टीवी और चोरी में इस्तेमाल की गई एक आल्टो कार बरामद की है. एसपी पीतांबर सिंह खरवार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि चोरी के कंप्यूटर की बरामदगी के लिए एसडीपीओ विजय महतो के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी. शनिवार की रात जामा थाना पुलिस ने एक कार में सवार छह संदिग्धों को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया. उनकी निशानदेही पर शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना राजेश हांसदा है. गिरोह के सदस्य पहले गूगल पर सर्च कर यह पता लगाते थे कि किन स्कूलों में स्मार्ट क्लास चल रहे हैं और वहां कितने कंप्यूटर मौजूद हैं. इसके बाद योजना बनाकर चोरी को अंजाम दिया जाता था. गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम मंडल, निवारण कुमार, विमल कुमार, मोहम्मद सिराज, विनय राज और इमाम हेंब्रम समेत कुल नौ लोग शामिल हैं. सभी पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़े हैं और अब तक उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है. फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
