नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट परिसर में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बीआर. गवई पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह घटना न केवल न्यायपालिका पर हमला है बल्कि पूरे देश के लिए आक्रोश का विषय है. उन्होंने कहा, “भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बीआर. गवई जी से बात की. आज सुप्रीम कोर्ट परिसर में उन पर हुए हमले से हर भारतीय आक्रोशित है. हमारे समाज में इस तरह के निंदनीय कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं है. यह पूरी तरह से निंदनीय है.”

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि ऐसी परिस्थितियों में न्यायमूर्ति गवई ने जिस संयम और धैर्य का परिचय दिया, वह न्याय के मूल्यों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने कहा, “मैं ऐसी स्थिति में न्यायमूर्ति गवई द्वारा प्रदर्शित धैर्य की सराहना करता हूं. यह हमारे संविधान की भावना और न्याय की गरिमा को सशक्त बनाता है.”
प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया देशभर में न्यायपालिका की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आई है. घटना के बाद से ही सुप्रीम कोर्ट परिसर की सुरक्षा को और कड़ा करने की मांग उठने लगी है. कई वरिष्ठ न्यायविदों और राजनीतिक नेताओं ने भी इस हमले की निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

