सरायकेला/ Pramod Singh आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर सरायकेला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनय कुमार ने की. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह भी उपस्थित रहीं. बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया. सभी ने मिलकर क्षेत्र में शांति, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया.


थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बैठक में नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी भी मौजूद रहे उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में रामनवमी उत्सव का पुराना इतिहास रहा है. यहां सभी आपस में मिलजुल कर पर्व मनाते हैं. रामनवमी का पर्व प्रेम और भाईचारगी का संदेश देता है. उन्होंने नगर वासियों से इसे शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. साथ ही प्रशासन को हर संभव सहयोग करने की अपील की. वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह ने कहा कि सरायकेला की पहचान आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता से है. सभी समुदायों को मिलजुलकर पर्व मनाना चाहिए ताकि क्षेत्र में शांति और भाईचारे का माहौल बना रहे. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और त्योहारों को सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की अपील की. बैठक में मौजूद लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए और प्रशासन को आश्वस्त किया कि सभी समुदाय मिलकर इन पर्वों को शांति, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाएंगे.

