पटना: बिहार की सियासत के बीच आज सुबह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना के छात्र इलाकों में पहुंचे. मैनुल हक स्टेडियम के पास, साइंस सेंटर के सामने सड़क किनारे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से उन्होंने सीधे संवाद किया. यहां रोजाना सैकड़ों विद्यार्थी सिविल सेवा, बैंकिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं.

छात्रों ने तेजस्वी यादव के सामने अपनी समस्याएं रखीं. प्रमुख मुद्दों में पेपर लीक की घटनाएं, समय पर भर्ती और बहाली न होना, और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी शामिल रही. छात्रों ने बताया कि बार- बार परीक्षाओं का स्थगित होना और चयन प्रक्रिया में देरी उनके भविष्य के लिए चिंता का कारण बन रही है.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाई जाएगी. उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनके सपनों से कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार पर लापरवाही और बेरोजगारी बढ़ाने का आरोप भी लगाया.
पटना में इस संवाद को चुनावी मोड में युवाओं के प्रति तेजस्वी यादव का सीधा संदेश माना जा रहा है. नेताओं की ओर से युवाओं के मुद्दों को गंभीरता से सुनने और उनका समाधान करने का यह प्रयास माना जा रहा है.

