पटना/ Arzoo Bakhsh अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब मिथिलांचल के पुनौराधाम में माता जानकी के भव्य मंदिर के निर्माण की खुशी पूरे बिहार में है. इस मौके को खास बनाते हुए अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के मात्र 3 सेंटीमीटर के पत्ते पर पुनौराधाम के प्रस्तावित जानकी मंदिर, माता सीता, भगवान श्रीराम, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अद्भुत चित्रकारी की है.

मधुरेंद्र ने पत्ते पर “थैंक्स गवर्नमेंट फॉर जानकी टेम्पल” लिखकर केंद्र और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया. यह कलाकृति 3 घंटे की मेहनत से तैयार हुई और इसे दुनिया की सबसे छोटी पीपल पत्ते पर बनी जानकी मंदिर की तस्वीर बताया जा रहा है.
8 अगस्त को सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम मंदिर का भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में हुआ. मधुरेंद्र की यह कलाकृति सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और श्रद्धालुओं में चर्चा का विषय बनी हुई है. उनका मानना है कि यह कला न केवल मंदिर की भव्यता को दर्शाती है बल्कि लोगों को जानकी मंदिर के धार्मिक महत्व के प्रति जागरूक करने का भी एक माध्यम है.

