पटना/ Arzoo Bakhsh जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक की शाखा में बुधवार को अचानक आग लग गई. यह घटना एनएच-31 किनारे सविता सिनेमा हॉल के पास स्थित बैंक में घटी. बताया गया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बैंक के मीटर में विस्फोट हुआ, जिससे कई बार तेज आवाजें सुनाई दीं और देखते ही देखते धुंआ फैलने लगा.

घटना की जानकारी मिलते ही बाढ़ थाना की पुलिस और अग्निशमन की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया. हालांकि इस अग्निकांड में कितना नुकसान हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. बैंक के कैशियर दीपक कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट मीटर से बिजली कनेक्शन के पास हुआ, जिससे मीटर ब्लास्ट कर गया और पांच बार तेज आवाज हुई. इसके तुरंत बाद काला धुआं उठने लगा, जिससे बैंक कर्मी और ग्राहक घबरा गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पहले कार्बन डाई ऑक्साइड पाउडर का छिड़काव किया गया और फिर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. प्रत्यक्षदर्शी रोशन कुमार ने बताया कि बैंक से अचानक धुआं निकलते देख कई लोग भागकर बाहर निकलने लगे. थोड़ी देर में दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया.

