पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान मचा हुआ है. शनिवार को खुद को टिकट दावेदार बताने वाले कई कांग्रेस नेताओं ने पटना में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए. नेताओं ने कहा कि पार्टी ने समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर टिकट की “खरीद-बिक्री” की है.

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “पहले टिकट की सूची जारी होती थी, अब पहले सिंबल बांटे जाते हैं.” उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की यात्रा के दौरान खुद उन्होंने कहा था कि जिलाध्यक्ष से विचार-विमर्श के बाद टिकट तय होगा, लेकिन उनकी बात का उल्लंघन हुआ. नेताओं ने यह भी कहा कि “ऐसे 40 टिकट राहुल गांधी के लिए कुर्बान हैं, पर सही व्यक्ति को मौका नहीं दिया गया.”
नाराज नेताओं ने कहा कि छत्रपति यादव, इकलौता यादव और गजेंद्र शाही जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं को टिकट से वंचित कर दिया गया. गजेंद्र शाही ने पिछला चुनाव मात्र 113 वोटों से हारा था, लेकिन फिर भी उन्हें मौका नहीं मिला.प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि टिकट बांटने की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं रही. नेताओं ने कहा, “कांग्रेस ऐसे ही हारती रही है. पार्टी के असली कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है. हमने जो सूची दी थी, उस पर विचार भी नहीं किया गया.”
वहीं, पार्टी के प्रवक्ता और एआईसीसी सदस्य आनंद माधव ने इस्तीफा देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस में टिकटों की खरीद-बिक्री हुई है. उन्होंने कहा, “हम पार्टी में हैं, लेकिन बिना पढ़े, बिना जांचे फैसले लिए जा रहे हैं.”नेताओं ने यह भी कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ पार्टी के भीतर ही साजिश रची गई है. उनका कहना था कि अगर यह स्थिति रही तो कांग्रेस मजबूत नहीं हो सकती.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
