पटना: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार और हाल ही में राजनीति में कदम रखने वाले पवन सिंह को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है. यह सुरक्षा उन्हें हाल के दिनों में मिली धमकियों और बढ़ते राजनीतिक जोखिमों को देखते हुए दी गई है. सूत्रों के अनुसार, पवन सिंह को यह सुरक्षा उनके राजनीतिक जुड़ाव और व्यक्तिगत खतरे के मद्देनज़र दी गई है.

गौरतलब है कि पवन सिंह ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की थी और इसके बाद उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. वहीं, उन्होंने जेडीयू गठबंधन के नेता उपेंद्र कुशवाहा से भी भेंट की थी. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पवन सिंह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर सकते हैं.
सुरक्षा बढ़ाने का मुख्य कारण सितंबर महीने में मिली धमकी मानी जा रही है. एक वायरल वीडियो में बाबा खान के गुंडों ने पवन सिंह को खुली चुनौती दी थी और कहा था – “दम है तो बाबा खान के सामने आकर कुछ बोलकर दिखाओ.” इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पवन सिंह को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का निर्णय लिया.
वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा में कुल 11 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, जिनमें 2 से 4 प्रशिक्षित कमांडो, पुलिस अधिकारी और दो निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) शामिल होते हैं. यह सुरक्षा श्रेणी वीआईपी सुरक्षा के उच्च स्तर में गिनी जाती है, जो वाई कैटेगरी से ऊपर और जेड कैटेगरी से नीचे मानी जाती है. इसमें प्रायः CRPF या CISF के कमांडो शामिल रहते हैं.
पवन सिंह को मिली यह सुरक्षा उनके प्रति संभावित खतरे की गंभीरता को दर्शाती है. सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य है कि अभिनेता- नेता पवन सिंह बिना किसी डर या बाधा के अपने पेशेवर और राजनीतिक कार्य जारी रख सकें.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
