पलामू: टाइगर रिजर्व में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शिकारियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चार देशी बंदूकें, हिरण का सिंग और शिकार से जुड़ी कई सामग्रियां बरामद की गई हैं. जानकारी के अनुसार, ये लोग लंबे समय से टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध शिकार की गतिविधियों में लिप्त थे.

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई और आरोपियों को धर दबोचा गया. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके. वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्य जीवों का अवैध शिकार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. गिरफ्तार शिकारियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

