पलामू: पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा सोना व्यवसायी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश को नाकाम कर दिया है. मेदिनीनगर शहर के प्रतिष्ठित गोल्ड हाउस के मालिक रंजीत कुमार सोनी से मोबाइल और व्हाट्सएप के जरिए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया. 25 दिसंबर को गुप्त सूचना के आधार पर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कांग्रेस भवन के पास छापेमारी कर पुलिस ने प्रिंस खान के दो सक्रिय गुर्गों मो. नाजीम 25 वर्ष और मुर्तजा अंसारी 28 वर्ष को गिरफ्तार किया.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गोल्ड हाउस के आसपास फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बनाई गई थी. इस साजिश को अंजाम देने के लिए 22 दिसंबर को गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा 24 हजार रुपये भेजे गए थे.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो देशी कट्टा, दो जिंदा गोली, दो मोबाइल फोन, एक वैगनआर कार, एक पल्सर बाइक सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है.
पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने प्रेस वार्ता में बताया कि गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के व्यवसायियों में राहत का माहौल है, जबकि अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है.

