पलामू: जिले के तरहसी स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में सोमवार की सुबह लगभग चार दर्जन बच्चियां पूरी और सब्जी खाने के बाद बीमार हो गईं. सुबह 9 बजे नाश्ते के दौरान भोजन करने के कुछ ही देर बाद छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी, गले में जलन और सांस लेने में तकलीफ की समस्या होने लगी. विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत सभी बच्चियों को तरहसी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

बीमार बच्चियों में से पांच की स्थिति गंभीर बताई गई, जिन्हें मेदनीनगर रेफर किया गया है. इनमें चांदनी कुमारी (15), किरण कुमारी (15), मुन्नी कुमारी (16), साक्षी कुमारी (12), संजना कुमारी (14) और आशा खातून (6) शामिल हैं. शेष छात्राओं का इलाज तरहसी स्वास्थ्य केंद्र में जारी है.
इलाज कर रहे डॉक्टर इमरान आलम ने कहा कि इतनी संख्या में एक साथ एक जैसे लक्षण आने का कारण संभवतः विषाक्त भोजन हो सकता है. वहीं विद्यालय की वार्डन आरती कुमारी ने इसे उपवास के बाद गैस बनने की समस्या बताया. लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों ने वार्डन पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वह मामले को छुपाने का प्रयास कर रही हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि जन्माष्टमी शनिवार को थी और पारण रविवार को, जबकि घटना सोमवार को हुई, ऐसे में उपवास की बात तर्कसंगत नहीं है. स्वास्थ्य केंद्र के कर्मियों का आरोप है कि लगभग चार दर्जन बच्चियों को इलाज के बाद चुपचाप भेज दिया गया ताकि उनका नाम रजिस्टर में दर्ज न हो. बीमार बच्चियों ने भी कहा कि उनके परिजनों को सूचना नहीं दी गई और इलाज के दौरान कोई अभिभावक मौजूद नहीं था. इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है.

