पलामू: डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा- तफरी मच गई जब एक युवक फुट ओवरब्रिज की छत पर चढ़ गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे. स्थिति इतनी नाजुक थी कि आशंका थी कहीं युवक छलांग न लगा दे. एहतियातन दमकल विभाग को भी बुलाया गया. करीब चार घंटे चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे का अंत सुबह 10:30 बजे हुआ.

जीआरपी सब इंस्पेक्टर सुरेश पासवान ने दो टेंपो चालकों की मदद से छत पर चढ़कर साहस और संयम दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतारा. इस दौरान खतरा बना रहा कि युवक धक्का न दे दे, लेकिन हिम्मत और सूझबूझ से उसे काबू में कर लिया गया. नीचे उतरने के बाद युवक की पहचान मध्यप्रदेश के राजगढ़ निवासी मांगीलाल, पिता परवर सिंह के रूप में हुई.
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पुताई का काम करता है और हाल में बिहार के औरंगाबाद में मजदूरी कर रहा था. घर जाने की अनुमति नहीं मिलने से परेशान होकर वह वहां से भाग निकला और उसका सामान वही छूट गया. जीआरपी ने युवक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया, जो स्विच ऑफ मिला. युवक ने अपने घर का नंबर भी दिया है, जिस पर संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है.
यह पूरी कार्रवाई जीआरपी थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे के नेतृत्व में संपन्न हुई. प्रारंभिक औपचारिकताओं के बाद संभावना है कि जीआरपी और आरपीएफ की टीम युवक को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचा देगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
