पलामू: पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कुख्यात अपराधकर्मी और संगठित गिरोह का सरगना डब्लू सिंह उर्फ गौतम सिंह ने 17 अगस्त 2025 की रात 10:30 बजे शहर थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है.

डब्लू सिंह, पिता स्वर्गीय रविन्द्र सिंह, मूल निवासी फुलांग थाना लेस्लीगंज जिला पलामू का रहने वाला है. वर्तमान में वह कचरवा डेम के समीप शहर थाना क्षेत्र पलामू में रह रहा था. वह वर्ष 2005 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और हत्या, रंगदारी सहित कई जघन्य अपराधों में शामिल रहा है.
पलामू, लातेहार और रांची जिलों में डब्लू सिंह पर कुल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वर्ष 2014 में उसे लातेहार जिला से जेल भेजा गया था लेकिन 2018 में जेल से छूटने के बाद लगातार फरार होकर अपराध करता रहा. वर्तमान में वह शहर थाना क्षेत्र के हत्या और रंगदारी के चार गंभीर मामलों में वांछित था.
उसके खिलाफ सदर, शहर, लेस्लीगंज, पाटन, विश्रामपुर, लातेहार और रांची जिलों के कई थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और षड्यंत्र के मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ दर्ज प्रमुख मामलों की संख्या 37 है जबकि वर्तमान में वह 4 गंभीर मामलों में वांछित था. पलामू पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण पुलिस की रणनीति, सघन दबिश और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान का नतीजा है. झारखंड सरकार की अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

