पलामू: जिले के चैनपुर से मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है.

ग्रेटर एसएलए पब्लिक स्कूल की एक बस ने एलकेजी में पढ़ने वाले मासूम छात्र विनीत सिंह यादव को कुचल दिया. घटना शाहपुर इलाके की है, जहां बच्चा स्कूल बस से उतर ही रहा था कि ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ा दी.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ड्राइवर शराब के नशे में था और स्कूल प्रशासन ने सुरक्षा के मानकों की पूरी तरह अनदेखी की थी. हादसे के बाद बच्चे को गंभीर हालत में एमएमसीएच मेदिनीनगर ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है. स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रशासन की घोर लापरवाही पर सवाल उठाए हैं. परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं ले रहा है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने घटना पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने कहा कि सभी निजी स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए जाएंगे. वहीं थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया जारी है.
फिलहाल मासूम के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है. इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है—क्या हमारे स्कूल बसें बच्चों के लिए वास्तव में सुरक्षित हैं.

