पलामू: जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बेलवाटीकर चौक स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक में बीती रात चोरी की कोशिश नाकाम हो गई. चोर बैंक का शटर काटने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके.

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात स्थानीय लोगों ने बेलवाटीकर चौक पर गश्ती कर रहे टीओपी-2 प्रभारी राकेश कुमार को सूचना दी कि कुछ लोग बैंक का शटर काटने की कोशिश कर रहे हैं. सूचना मिलते ही राकेश कुमार टाइगर मोबाइल के जवान प्रमोद कुमार, धर्मेंद्र पासवान और सहायक पुलिस जवान जयंत दुबे के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही चोर फरार हो गए.
पुलिस ने मौके से एक गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर और गैस कटर जैसे उपकरण बरामद किए हैं. सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक चोर मुंह पर रूमाल बांधे शटर काटता दिखाई दे रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान कर पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में भी इसी बैंक में चोरी हुई थी, जिसमें करीब 10 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई थी. शहर में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि चोरों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.

