पलामू: ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन का अभियान शुरू हो चुका है. झारखंड में 15 दिसंबर से बाघों की गिनती शुरू की जाएगी. भारत में बाघों की गिनती का यह वैज्ञानिक अभियान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है और इस बार झारखंड में पहली बार बाघों के साथ- साथ गिद्ध और हाथियों की भी गिनती की जाएगी.

बुधवार को पलामू टाइगर रिजर्व के निदेशक और झारखंड के नोडल अधिकारी एसआर. नटेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी. इस दौरान फील्ड डिप्टी डायरेक्टर कुमार आशीष और पीटीआर के नोडल प्रभारी प्रजेशकांत जेना भी मौजूद रहे. बताया गया कि यह गिनती चार चरणों में होगी. पहला चरण 15 दिसंबर से शुरू होगा और अंतिम चरण अप्रैल तक चलेगा.
अभियान के लिए राज्य को छह रिजन पलामू, दुमका, रांची, हजारीबाग, बोकारो और सारंडा में बांटा गया है. पलामू टाइगर रिजर्व में 700 कैमरे लगाए गए हैं, जबकि पूरे राज्य में 1600 फॉरेस्ट गार्डों को तैनात किया गया है. केवल PTR में 110 फॉरेस्ट गार्ड और 300 ट्रैकर इस अभियान में लगे हुए हैं. कूटकू इलाके में कैमरा ट्रैपिंग का काम पूरा हो चुका है.
नियम के अनुसार कैमरे 21 दिनों के लिए लगाए जाते हैं, लेकिन इस बार PTR में 28 दिनों तक कैमरे सक्रिय रखे जाएंगे ताकि और अधिक सटीक डेटा मिल सके. पहली बार पूरा डेटा पूरी तरह डिजिटल रूप से M-Strip और इकोलॉजिकल ऐप के जरिए अपलोड किया जाएगा और आगे इसे नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के माध्यम से वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, देहरादून भेजा जाएगा.
इसका अंतिम रिपोर्ट 29 जुलाई, इंटरनेशनल टाइगर डे के दिन जारी की जाएगी. वैज्ञानिक पद्धति से किए जा रहे इस सर्वे से झारखंड में बाघ, तेंदुआ, हाथी, गिद्ध और अन्य वन्यजीवों की वास्तविक स्थिति का खुलासा होगा और संरक्षण योजनाओं को नई दिशा मिलेगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
