पलामू: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रोजगार सेवक को सात हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार राम के रूप में हुई है, जो नौडीहा प्रखंड में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत था.

जानकारी के अनुसार आरोपी ने कूप निर्माण की राशि आवंटित करने के एवज में लाभार्थी से रिश्वत की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की गुप्त जांच की. जांच में आरोप सही पाए जाने पर धावा दल का गठन कर जाल बिछाया गया.
शुक्रवार को तय योजना के तहत जैसे ही लाभार्थी ने सात हजार रुपये आरोपी को दिए, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिसमें पानी का रंग बदल गया और रिश्वत लेने की पुष्टि हुई. एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ पलामू ले गई है, जहां आगे की पूछताछ की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.

