पाकुड़: गुरुवार को एसपी निधि द्विवेदी ने नगर थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, महिला डेस्क, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हाजत और दर्ज मामलों की स्थिति की गहन समीक्षा की.

उन्होंने थानेदार और उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और मामलों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से हो. लंबित मामलों पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसपी ने जल्द से जल्द निपटारा करने को कहा.
एसपी ने महिला डेस्क की व्यवस्था को भी परखा और संतोष जताया. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बना रहे, यह सबसे बड़ी प्राथमिकता है. पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा.
निरीक्षण के दौरान नगर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे. एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था की मजबूती और जनता के भरोसे को कायम रखने के लिए हर स्तर पर सजग रहना जरूरी है.

