पाकुड़: पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां कोर्ट परिसर से फरार हुए दो दोषियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई हत्या के एक मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद फरार हुए आरोपियों के खिलाफ की गई.

जानकारी के अनुसार बीते 7 जनवरी को हत्या मामले में न्यायालय द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद दो अभियुक्त कोर्ट परिसर से फरार हो गए थे. इस गंभीर घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक पाकुड़ निधि द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया.
गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाया और महेशपुर थाना क्षेत्र से दोनों फरार दोषियों को गिरफ्तार कर लिया.
एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि पुलिस की सक्रियता और सटीक रणनीति के कारण 24 घंटे के भीतर यह सफलता हासिल हुई.
इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने को लेकर कोर्ट के हाजत प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी दी. फिलहाल दोनों दोषियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है.

