पाकुड़: सीपीआईएम की वरिष्ठ नेत्री और पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने पाकुड़ पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि भाजपा कई राज्यों में खुलकर राजनीतिक हस्तक्षेप कर रही है, लेकिन इसके बावजूद झारखंड में विभाजनकारी नारों की राजनीति के सहारे सरकार बनाने में असफल रही है. उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भाजपा की सीटें और भी कम हुई हैं.

वृंदा करात ने बिहार चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन हुआ, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने विभाजनकारी भाषण दिए, फिर भी आयोग पूरी तरह मौन रहा. करात ने यह भी आरोप लगाया कि मतदान से एक दिन पहले मतदाताओं के बैंक खातों में दस हजार रुपये भेजे गए थे, जो सीधे चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करता है.
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव ने साबित कर दिया है कि वोट की चोरी केवल मतदाता सूची में हेरफेर से नहीं, बल्कि अन्य तरीकों से भी की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब ‘भाजपा आयोग’ की तरह काम कर रहा है और जनता को सतर्क रहने की आवश्यकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा झारखंड में भी विभाजनकारी राजनीति की घुसपैठ करने का प्रयास करेगी.
इसके साथ ही उन्होंने झारखंड में रैयतों की जमीन की गलत मापी और मुआवजे की अनियमितताओं का मुद्दा उठाया.
कोल इंडिया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी निजी हाथों को खदानें सौंपकर लूट को बढ़ावा दे रही है. उन्होंने कोयला खनन से बढ़ते प्रदूषण पर भी गहरी चिंता जाहिर की. अंत में वृंदा करात ने घोषणा की कि इन मुद्दों के खिलाफ सीपीआईएम जल्द ही जिला स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी और लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
