पाकुड़: ईद मिलाद उन नबी और विश्वकर्मा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद ने की.

इस दौरान अंचलाधिकारी कुमार अरविंद वेदिया, पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी बबलु कुमार, शहर के गणमान्य लोग और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. बैठक में अधिकारियों ने जुलूस आयोजकों से मार्ग और कार्यक्रम की जानकारी ली तथा सभी से शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की.
एसडीपीओ दयानंद आजाद ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के मौके पर विधि- व्यवस्था में खलल डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और अफवाहों से बचने की भी हिदायत दी. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. बैठक में विश्वकर्मा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन पर भी चर्चा हुई. मौके पर हाजी तनवीर आलम, शाहिन परवेज, कौशर आलम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

