पाकुड़: जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र में नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से नकली नोट, प्रिंटर मशीन, स्कैनर, मोबाइल फोन, दो बाइक और कुल 6200 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं.

यूट्यूब से सीखी नकली नोट छापने की तरकीब
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि गिरफ्तार युवक यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट छापने की तकनीक सीख रहे थे. वे स्थानीय बाजारों में नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहे थे. 17 जुलाई को सूचना के आधार पर पाकुड़िया थाना पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया.
गिरफ्तार युवक और बरामद सामान
गिरफ्तार युवकों में पाकुड़ के बादशाह खान और गोड्डा जिले के दीपक पंडित तथा चमकलाल पंडित शामिल हैं. इनके पास से ₹500 और ₹100 के कुल 6200 रुपये के जाली नोट (बिना सिक्योरिटी वाटरमार्क), एक कलर प्रिंटर मशीन, स्कैनर, विशेष कागज, तीन मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद हुए हैं. एसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य लंबे समय से नकली नोट छापने की योजना पर काम कर रहे थे और धीरे-धीरे इन्हें बाजार में खपाने की कोशिश कर रहे थे. सूचना पर बनी विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा और तीनों को गिरफ्तार किया.

